डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया में अब भी जारी है। एक ओर जहां संक्रमितों की संख्या 16 लाख के करीब पहुंच गई है, तो वहीं मृतकों की संख्या 90 हजार पार कर गई हैं। www.worldometers.info वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार रात 12.30 बजे तक दुनिया भर में 15 लाख 95 हजार 342 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 94 हजार 588 लोगों की मौत हो चुकी है। 3 लाख 48 हजार 468 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं 11 लाख 40 हजार 276 लोग अब भी अस्पतालों में कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। 48 हजार 943 लोगों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। वहीं कोरोनावायरस से संक्रमित ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। बीते तीन दिन से वे लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में थे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने गुरुवार रात एक बयान जारी कर बताया कि जॉनसन की हालत में सुधार हुआ है। फिलहाल वे वार्ड में हैं। इस बीच, इटली के डॉक्टर्स फेडरेशन ने गुरुवार को बताया कि देश में 24 घंटे में चार और फिजिशियन की मौत हो गई। इसके बाद यहां कोरोनावायरस से डॉक्टरों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 100 हो गया। इनमें रिटायर्ड डॉक्टर भी शामिल हैं, जो महामारी बढ़ने के बाद दोबारा काम पर लौट आए थे।
अमरीका में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज
कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा प्रभाव अगर पड़ा है तो वह अमेरिका है। यहां अब तक 4 लाख 55 हजार 554 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके बाद स्पेन में 1,52,446, इटली में 1,43,626, फ्रांस में 1,17,749, जर्मनी में 1,15,523, चीन में 81,865, ईरान में 66,220 और ब्रिटेन में सबसे ज्यादा 65,077 लोग संक्रमित हुए हैं।
इटली में सबसे ज्यादा 17,669 लोगों की जान गई
वहीं कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा 18,279 मौतें इटली में हुई हैं। इसके बाद अमेरिका में 16,114, अमेरिका में 15,238, फ्रांस में 12,210, ब्रिटेन में 7,978, ईरान में 4,110 और चीन में सबसे ज्यादा 3,335 लोगों ने जान गवाई है।
101 साल के मरीज़ ने दी कोरोना वायरस को मात
कोरोना वायरस को लेकर एक बात जो काफी हद तक स्पष्ट है वो ये कि इससे सबसे अधिक बुज़ुर्ग प्रभावित हुए हैं। लेकिन 101 साल के कीथ वॉटसन कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब रहे हैं। वोरसेस्टरशायर के रहने वाले कीथ को सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन वहां उन्हें तेज़ बुखार हो गया और जब उनका टेस्ट कराया गया तो वो पॉजिटिव थे। उनकी बहू जो वॉटसन बताती हैं 'वो इस उम्र में भी कमाल है।' कीथ के ठीक हो जाने पर जब उन्हें घर ले जाया जा रहा था तो सबने उनके साथ तस्वीर खिंचवाई जिसे जो ने फेसबुक पर शेयर भी किया। इस तस्वीर पर पांच सौ से अधिक कमेंट्स हैं और यह तीन हजार से अधिक बार शेयर हुई है।
इसरायली प्रधानमंत्री बिन्यमिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को कहा- धन्यवाद
इसरायली प्रधानमंत्री बिन्यमिन नेतन्याहू ने इसरायल को हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहा है। उन्होंने इसरायल के सभी नागरिकों की ओर से आभार प्रकट किया। लंबे समय से हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन का इस्तेमाल मलेरिया के बुखार को कम करने में किया जा रहा है और उम्मीद है कि यह कोरोना वायरस को भी रोकने में सक्षम हो सकती है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आए
बीबीसी को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सेहत से जुड़ी ताजा अपडेट मिली है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के एक प्रवक्ता ने बताया "प्रधानमंत्री को आज शाम (स्थानीय समयानुसार) आईसीयू से वापस वॉर्ड में ले जाया गया है. जहां वे डॉक्टरों की देखरेख में री-कवर करेंगे।"
न्यूयॉर्क के गवर्नर ने कोरोना वायरस की तुलना 9/11 के हमले से की
न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने कोरोना वायरस से मची तबाही की तुलना 9/11 के हमले की तबाही से की है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस उनके राज्य में उसी तरह की तबाही मचा रहा है जैसी उन्होंने 9/11 के दौरान देखी थी। आज प्रेस ब्रीफिग के दौरान उन्होंने कहा कि 11 सितंबर 2001 में जो हमला हुआ था वो विनाशकारी था। बेहद दुखद था लेकिन इस 'साइलेंट किलर' ने और भी अधिक न्यूयॉर्कवासियों की जान ले ली है। क्योमो ने कहा कि कोरोना वायरस से मरे लोगों के अंतिम संस्कार के लिए ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से अभी तक न्यूयॉर्क में सात हज़ार से अधिक लोगों का मौत हो चुकी है जोकि 9/11 हमले में मारे गए लोगों की संख्या (2,753) से लगभग तीन गुना अधिक है।
न्यूयॉर्क मेें 7 हजार से ज्यादा की मौत
इधर, अमेरिका में न्यूयॉर्क कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 7 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बिल डे बलासियो ने अमेरिकी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों का टेस्ट कराना चाहते हैं, लेकिन सरकार इसमें मदद नहीं कर रही। पहले दिन से ही हमारे सामने यह चुनौती रही है। हमें कभी भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अगर सरकार ने ज्यादा से ज्यादा लोगों के टेस्ट कराए होते तो आज हालात कुछ और होते।
इटली में अब तक 100 डॉक्टरों की मौत
इटली के डॉक्टर्स फेडरेशन ने गुरुवार को बताया कि देश में 24 घंटे में चार और फिजिशियन की मौत हो गई। इसके बाद यहां कोरोनावायरस से डॉक्टरों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 100 हो गया। इनमें रिटायर्ड डॉक्टर भी शामिल हैं, जो महामारी बढ़ने के बाद दोबारा काम पर लौट आए थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यहां 30 नर्स भी कोरोना की चपेट में आने के बाद जान गंवा चुकी हैं। इटली के उच्च स्वास्थ्य संस्थान के मुताबिक, देश में 13 हजार 121 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना से संक्रमित हैं। देश में संक्रमण से अब तक 18 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/2Xjbunp

.
0 Comments