डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान अम्फान के कारण मची तबाही का आकलन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (22 मई) पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे। पीएम दोनों राज्यों के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। बता दें कि, कोरोना की वजह से देश में लॉकडाउन होने से पीएम कई कार्यक्रमों में शामिल हुए लेकिन दिल्ली से बाहर कोई दौरा नहीं किया। ऐसे में उनका यह दौरा 83 दिन बाद होने जा रहा है।

अम्फान तूफान से तबाही: कोलकाता एयरपोर्ट क्षतिग्रस्त, रनवे और हैंगर पानी में डूबे

चक्रवात की वजह से बंगाल में 72 लोगों की मौत
दरअसल चक्रवाती तूफान ने बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी तबाही मचाई है। 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इस तूफान ने कोलकाता एयरपोर्ट तक को क्षतिग्रस्त कर दिया है। कोलकाता शहर और आसपास के कई ​इलाकों में पानी भर गया है। माना जा रहा है कि बंगाल में 283 साल बाद ऐसा भयानक तूफान आया। एक अनुमान के मुताबिक, तूफान से राज्य में 1 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा का नुकसान हुआ है। हालांकि बंगाल में तूफान से तबाही का आंकलन अभी बाकी है, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि, चक्रवात की वजह से बंगाल में 72 लोगों की मौत हो चुकी है। 

ममता ने पीएम से की थी अपील
सीएम ममता ने प्रधानमंत्री से राज्य का दौरा करने की भी अपील की थी। उन्होंने कहा था, मैंने ऐसी आपदा पहले कभी नहीं देखी थी। मैं प्रधानमंत्री से राज्य का दौरा करने और स्थिति का जायजा लेने का अनुरोध करती हूं। ममता के इस बुलावे पर पीएम मोदी बंगाल के दक्षिणी हिस्से में नुकसान का आकलन करने के लिए शुक्रवार को बंगाल जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10.30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद पीएम और ममता बनर्जी कोलकाता सहित उत्तर और दक्षिण 24 परगना के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

ओडिशा में हवाई सर्वेक्षण
अम्फान तूफान ने बंगाल के अलावा ओडिशा राज्य में भी नुकसान पहुंचाया है, हालांकि बंगाल के मुकाबले वहां नुकसान बहुत कम हुआ है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक पीएम मोदी ओडिशा में हुए नुकसान का भी हवाई सर्वेक्षण करेंगे।



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
PM Narendra Modi Visit West Bengal Odisha aerial surveys review meetings Cyclone Amphan Mamata Banarjee
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3gehzZq
via IFTTT