डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर से बीजेपी विधायक जन्मेजय सिंह (Janmejai Singh) का निधन हो गया। गुरुवार देर रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली। जन्मेजय सिंह पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे, लेकिन गुरुवार रात हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया है। वह 75 वर्ष के थे।

जन्मेजय सिंह विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने देवरिया से लखनऊ आए थे। वो सदन की पहले दिन की कार्यवाही में ऑनलाइन शामिल हुए थे। करीब चार महीने पहले भी जन्मेजय सिंह को माइनर अटैक पड़ा था। गुरुवार रात में उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ी तो उनको लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया। यहां से डॉक्टरों ने कार्डियोलॉजी विभाग में उन्हें रेफर किया। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह ने बताया, पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर विधायक के निधन पर दुख जताया है। सीएम योगी ने कहा, सिंह के निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता और जनता ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया है। भगवान से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख के लिए हमेशा तत्पर रहते थे, उनके निधन से देवरिया जनपद और प्रदेश की राजनीति के साथ ही हमारी व्यक्तिगत क्षति भी है। दीक्षित ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि, वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति व शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधायक के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देवरिया सदर से विधायक जन्मेजय सिंह के निधन की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। पार्टी में आप जैसे कर्मठ व निष्ठावान कार्यकर्ता की पूर्ति आने वाले कई सालों में नहीं हो सकती है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को शांति, परिजनों व समर्थकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें ।

जन्मेजय सिंह का जन्म 7 जुलाई, 1945 को देवरिया में था। उनकी पत्नी का नाम गुजराती देवी है। उनके 3 बेटे और 4 बेटियां हैं। जन्मेजय सिंह पहली बार 2000 में हुए उपचुनाव में बसपा के टिकट पर विधायक बने। 2002 में हुए आम चुनाव में सपा के शाकिर अली से हार गए थे।

2007 में वह बीजेपी में शामिल हुए। इसके बाद उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधानसभा के सदस्य रहे। जन्मेजय सिंह बीजेपी से लगातार दो बार देवरिया सदर विधानसभा सीट से विधायक रहे। 2012 में वे बसपा प्रत्याशी प्रमोद सिंह को हराकर विधायक बने थे। 2017 में उन्होंने सपा के उम्मीदवार जेपी जायसवाल को मात दी थी।



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
Lucknow Janmejai Singh BJP MLA from Sadar Deoria passed away due to heart attack UP
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/3geBBBN
via IFTTT