राजस्थान: CM गहलोत ने BJP और पायलट पर साधा निशाना, बोले- फिर शुरू होने वाला है सरकार गिराने का खेल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले एक बार फिर खलबली मच गई है। राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने शनिवार को भाजपा पर प्रदेश सरकार को गिराने का गेम शुरू करने का आरोप लगाया है। अशोक गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार गिराने का फिर से खेल शुरू होने वाला है। महाराष्ट्र में भी सरकार गिराने की चर्चाएं हैं।

सीएम गहलोत ने यह बात सिरोही में कांग्रेस कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित किया। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वे पहले भी बागी विधायकों से मिले थे। तब शाह ने विधायकों से कहा था कि यह मेरा प्रेस्टीज पाइंट है। मैंने 5 सरकारें गिरा दी हैं, छठी भी गिराकर रहूंगा। गहलोत ने कहा कि बीजेपी की तरफ से इससे पहले सरकार गिराने की कोशिश के गवाह कांग्रेस नेता अजय माकन रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन भी इस कार्यक्रम में जुड़े हुए थे। इस घटना के दौरान  माकन 34 दिन होटल में हमारे विधायकों के साथ रहे थे।

गृहमंत्री अमित शाह पर षडयंत्र का आरोप
अशोक गहलोत ने देश के गृहमंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि हमारे विधायकों को बैठाकर चाय-नमकीन खिला रहे थे और बता रहे थे कि पांच सरकार गिरा दी है, छठी भी गिराने वाले हैं। धर्मेंद्र प्रधान उनका मनोबल बढ़ाने के लिए जजों से बातचीत करने की बातें कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि अमित शाह ने हमारे विधायकों से एक घंटे मुलाकात की थी और  पांच सरकारें गिराने के बाद छठी भी गिरा देने की बात शाह ने कही थी।

कोरोनाकाल में भी सरकार गिराने के प्रयास हुए- गहलोत
सीएम गहलोत ने कहा कि कोरोनाकाल में भी राजस्थान की सरकार गिराने के प्रयास हुए। उन्होंने कहा कि हमारे विधायक जब अमित शाह से मिलने गए थे, तब वहां इस बैठक में पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान और राज्यसभा सांसद सैयद जाफर इस्लाम भी थे। करीब एक घंटे यह मुलाकात चली। फिर विधायकों ने आकर मुझे बताया कि हमें शर्म आ रही थी कि कहां तो सरदार पटेल जैसे गृहमंत्री थे और कहां उनकी कुर्सी पर अब अमित शाह जैसे लोग बैठे हैं। विधायकों ने यह भी बताया था कि मंत्री धर्मेंद्र प्रधान उस दौरान सुप्रीमकोर्ट और हाईकोर्ट के जजों से बातचीत का ड्रामा भी कर रहे थे और उन विधायकों का हौसला भी बढ़ा रहे थे।

सचिन पायलट पर भी लगाए आरोप
कहा जा रहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी के बहाने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर निशाना साधा है। माना जा रहा है कि राजस्थान में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, ऐसे में बिना नाम लिए सचिन पायलट पर हमले के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

भाजपा का पलटवार
गहलोत के इस आरोप पर BJP प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पलटवार करते हुए कहा कि अशोक गहलोत शासन चला पाने में अक्षम हैं। इसलिए झूठा और तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस के अंदर घर में अंदरूनी झगड़ा है, जिसकी वजह से वह परेशान है, इसके लिए BJP पर बिना कोई सबूत के आरोप लगाकर हमला बोल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पुनिया ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार गिराने को लेकर रोज भेड़िया आया- भेड़िया आया की तरह नई-नई कहानियां लेकर आ जाते हैं। इनकी सरकार में इतना झगड़ा है कि यह BJP के नेताओं को दोष देकर अपना झगड़ा छुपाना चाहते हैं। पुनिया ने कहा कि अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि BJP भारी पैसा खर्च कर कार्यालय बना रही है और हम तो कह रहे हैं कि इतने साल से सत्ता में रहे कार्यालय बनाने के बजाय के नेताओं ने अपने घर बनाए।



.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
.
...
Rajasthan: CM Gehlot targets BJP and Pilot
.
.
.


from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/36M76lw
via IFTTT

Post a Comment

0 Comments